जबलपुर–कोयंबटूर एक्सप्रेस हुई नियमित, नए नंबर से चलेगी ट्रेन
एमपी से दक्षिण भारत और कोंकण जाना होगा आसान, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी और हरदा के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

जबलपुर। मध्य प्रदेश से दक्षिण भारत और कोंकण क्षेत्र की यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जबलपुर से कोयंबटूर के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। पश्चिम मध्य रेलवे ने ट्रेन को नए नंबर के साथ नियमित चलाने का निर्णय लिया है। इससे मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, अब तक गाड़ी संख्या 02198/02197 के रूप में संचालित जबलपुर–कोयंबटूर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब 20160/20159 नंबर से चलेगी। जबलपुर से कोयंबटूर जाने वाली ट्रेन संख्या 20160 प्रत्येक शुक्रवार को रवाना होगी। वहीं, वापसी में कोयंबटूर से ट्रेन संख्या 20159 प्रत्येक सोमवार को प्रस्थान करेगी।
कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
यह ट्रेन नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, हरदा, खंडवा और भुसावल होते हुए आगे जाएगी। इसके बाद नासिक रोड और पनवेल सहित कोंकण क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए दक्षिण भारत पहुंचेगी। मार्ग में रत्नागिरी, कणकवली, मडगांव, कारवार, मंगलूरु सेंट्रल, कासरगोड, कण्णूर, कोषिक्कोड, शोरनूर और पालक्काड जंक्शन जैसे स्टेशन शामिल हैं।
24 कोच के साथ चलेगी एक्सप्रेस
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इनमें 1 फर्स्ट एसी, 2 सेकेंड एसी, 6 थर्ड एसी, 9 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी और 2 एलएलआरडी कोच शामिल हैं। इससे यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा करने का विकल्प मिलेगा।
यात्रियों को मिलेगा सीधा रेल संपर्क
ट्रेन के नियमित संचालन से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश से कोंकण तट और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक रेल संपर्क मजबूत होने से यात्रा की योजना बनाना भी आसान होगा। यात्री ट्रेन की समय-सारणी और सीटों की उपलब्धता की जानकारी एनटीईएस, रेलवन ऐप या भारतीय रेल की आधिकारिक पूछताछ सेवा से प्राप्त कर सकते हैं।













