देवसर में ज्वेलर्स संचालक पर रॉड व चाकू से जानलेवा हमला: नकदी और जेवरात लूटे, गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर

सिंगरौली -सिंगरौली जिले के देवसर क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने शनिवार देर रात एक ज्वेलर्स संचालक पर रॉड और चाकू से प्राणघातक हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना घघवा टोला नाला के पास की बताई जा रही है। वारदात के बाद बदमाश नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर बैढ़न रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी दुकान संचालक सुनील कुमार सोनी शनिवार की रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे घघवा टोला नाला के समीप पहुंचे, रास्ते में दो अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
घायल सुनील कुमार सोनी ने बताया कि बदमाशों में से एक ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे हमलावर ने उनके सिर और कान के पास चाकू से लगातार करीब छह वार किए, जिससे उनका कान कट गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात के दौरान हमलावर उनसे 16 हजार रुपये नकद और करीब 30 से 32 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात लूटकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित ने एक हमलावर की पहचान पप्पू सोनी के रूप में की है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। देवसर एसडीओपी (SDOP) गायत्री मिश्रा ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की संपत्ति बरामद कर ली जाएगी।













