एनसीएल में विशेष अभियान 6 के तहत 65 स्थलों पर सफाई, 1,965 मीट्रिक टन स्क्रैप का निस्तारण
6,500 ई-फाइलों की समीक्षा, 3,790 फाइलें बंद; स्वच्छता, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन और कार्यालयों में बेहतर स्थान उपयोग पर जोर
सिंगरौली। कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के निर्देशानुसार ‘विशेष अभियान 6’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वच्छता, अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण, फाइलों की समीक्षा और कार्यालय परिसरों को व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। 16 अक्टूबर 2026 तक कंपनी में 65 स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा चुका है, जबकि 85,700 वर्ग फुट क्षेत्र की सफाई की गई है।
अभियान के तहत स्क्रैप निस्तारण में भी प्रगति दर्ज की गई है। एनसीएल में अब तक 1,965 मीट्रिक टन स्क्रैप का निस्तारण किया जा चुका है। इसका उद्देश्य कार्यालयों और कार्यस्थलों में अनुपयोगी सामग्री को हटाकर उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
कार्यालयों में रिकॉर्ड प्रबंधन को व्यवस्थित बनाने के लिए भौतिक और डिजिटल फाइलों की समीक्षा की जा रही है। स्पेस मैनेजमेंट के तहत 323 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई, जिनमें से 185 फाइलों को हटाया जा चुका है। वहीं, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन के तहत 6,500 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और 3,790 ई-फाइलें बंद की जा चुकी हैं।
‘विशेष अभियान 6’ के अंतर्गत कार्यालयों में अनुपयोगी और कम उपयोग वाले स्थानों की साफ-सफाई तथा सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पुराने फर्नीचर, अनुपयोगी फाइलों, स्क्रैप और अन्य सामग्री का जरूरत के अनुसार पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण अथवा नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। इन प्रयासों से कार्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर इस्तेमाल करने और स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यस्थल विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
एनसीएल में पुराने अभिलेखों के डिजिटलीकरण के साथ लंबित संदर्भों और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम और अन्य कार्यस्थलों में 5एस/3एस आधारित कार्यस्थल प्रबंधन पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।कंपनी के अनुसार, इन पहलों से प्रशासनिक प्रक्रियाओं में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने तथा कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि एनसीएल में ‘विशेष अभियान 6’ का क्रियान्वयन चरण 2 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित है। अभियान के तहत स्वच्छता, स्क्रैप निस्तारण और रिकॉर्ड प्रबंधन से संबंधित गतिविधियां जारी हैं।













