बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपाल

भोपाल में आरजीपीवी की बस बिजली के खंभे से टकराई, 15 घायल; 3 की हालत गंभीर

वीआईपी रोड पर सुबह करीब 9:30 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे करीब 50 विद्यार्थी और कर्मचारी; पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार सुबह राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विद्यार्थियों और कर्मचारियों को लेकर जा रही बस वीआईपी रोड पर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में करीब 15 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 2 विद्यार्थी और 1 कर्मचारी की हालत गंभीर बताई गई है। दुर्घटना के समय बस में करीब 50 विद्यार्थी और कर्मचारी सवार थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को ऑपरेशन थिएटर में ले जाने की जानकारी है, जबकि 3 विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सामने आए व्यक्ति को बचाने के प्रयास में हादसा होने की बात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक ने पुलिस को बताया कि बस के सामने अचानक एक व्यक्ति आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी

हादसे की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन के अधिकारी भी सक्रिय हुए और अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। विश्वविद्यालय की यूआईटी के डायरेक्टर विनय थापर के अनुसार, दुर्घटना में 6 विद्यार्थी और 2 कर्मचारी घायल हुए हैं। प्रबंधन घायलों के उपचार और उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। बस की गति, चालक की भूमिका और सड़क पर अचानक व्यक्ति के सामने आने संबंधी जानकारी की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

Author

Related Articles

Back to top button