बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में पुल से 15 फीट नीचे गिरा कोयले से भरा ट्रेलर

चालक गंभीर रूप से घायल; वाहन पर नंबर न होने से जांच में जुटी पुलिस

सिंगरौली:सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्ला मोड़ पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। यहां कोयले से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 15 फीट नीचे जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक राम प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद घायल चालक को उपचार के लिए एनसीएल (NCL) के नेहरू शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति को देखते हुए इलाज जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गुरुवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के चलते सड़क पर हुई फिसलन की वजह से वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे पुल से नीचे गिर गया।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर पर कोई नंबर प्लेट या वाहन नंबर दर्ज नहीं पाया गया है। इसके चलते पुलिस अब वाहन मालिक की शिनाख्त करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कोयले की यह खेप कहां से लोड की गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

थाना प्रभारी के अनुसार, दुर्घटना की असल परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के उपरांत ही हादसे की मुख्य वजह और जिम्मेदार पक्षों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button