बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क हादसों में घायलों को त्वरित उपचार दिलाने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की बैठक

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और पीएम राहत योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अस्पतालों में आयुष्मान भारत और पीएम राहत योजना का कार्य देख रहे ऑपरेटरों को योजना की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में सीएमएचओ पुष्पराज सिंह और जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रवीण पटेल उपस्थित रहे। नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण एवं यातायात थाना प्रभारी रोशनी केशरवानी के नेतृत्व में हुई बैठक में डीआरएम अभय ने भी ऑपरेटरों को आवश्यक जानकारी दी।
इस दौरान दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराने, जरूरी दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने और योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने कहा कि उपचार में देरी नहीं होनी चाहिए और योजना से संबंधित औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं।

सीएमएचओ पुष्पराज सिंह ने ऑपरेटरों को निर्धारित प्रावधानों का पालन करने और दुर्घटना पीड़ितों को प्राथमिकता से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button