बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

₹2,000 कमाई का झांसा देकर साइबर ठगी की कोशिश, व्हाट्सऐप पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक से रहें सावधान

दीपावली से पहले साइबर अपराधियों ने अपनाया ठगी का नया तरीका, सिंगरौली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

सिंगरौली। दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच साइबर अपराधियों ने आम लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नया तरीका अपनाया है। व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ₹2,000 आसानी से कमाने का लालच देकर फर्जी संदेश और संदिग्ध लिंक तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं। इन संदेशों के जरिए लोगों की व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी हासिल कर आर्थिक धोखाधड़ी की कोशिश की जा रही है। इसे देखते हुए सिंगरौली पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने और अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की है।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जारी जनजागरूकता संदेश में बताया गया है कि कई व्हाट्सऐप उपयोगकर्ताओं को इस तरह के संदेश मिल रहे हैं—“मुझे लगा था फर्जी है, लेकिन सच में ₹2,000 मिल गए, तुम लोग भी कोशिश करो।” ऐसे संदेशों के साथ संदिग्ध लिंक भी भेजे जा रहे हैं, ताकि लोग आसानी से पैसे मिलने के लालच में उन पर क्लिक कर दें।पुलिस के अनुसार, इन लिंक के जरिए उपयोगकर्ताओं को फर्जी वेबसाइटों पर पहुंचाकर उनकी व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय सूचनाएं हासिल करने का प्रयास किया जा सकता है। इसके बाद साइबर अपराधी बैंक खाते से रकम निकालने या अन्य तरीके से आर्थिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।

अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी और यूपीआई पिन रखें गोपनीय
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आकर्षक संदेश या धन कमाने के दावे पर बिना सत्यता जांचे भरोसा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ऐसे संदिग्ध संदेशों को दूसरे लोगों तक आगे भेजने से भी बचें।
पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों, विशेषकर बुजुर्गों और कम डिजिटल जानकारी रखने वाले लोगों को भी इस तरह की ठगी के बारे में जागरूक करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी से होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में भी घटना की सूचना दें।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर खुशियां बांटें, लेकिन डिजिटल दुनिया में सतर्कता बनाए रखें और अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखें।

Author

Related Articles

Back to top button