सीधी

चंडीगढ़ से बिहार जा रही करोड़ों की शराब खेप सीधी में जब्त, अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश…

चंडीगढ़ से बिहार जा रही करोड़ों की शराब खेप सीधी में जब्त, अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश…

सीधी: नवागत पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में सीधी पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ ली। थाना बहरी पुलिस ने एनएच-39 पर घेराबंदी कर जिस कंटेनर को पकड़ा, उसमें 690 पेटी (कुल 16,140 बोतल / लगभग 6124 लीटर) अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹82.80 लाख बताई जा रही है। वहीं वाहन व अन्य सामग्री मिलाकर कुल मशरुका ₹1.12 करोड़ से अधिक का है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडेय को 25 सितंबर को देर शाम सूचना मिली कि कंटेनर क्रमांक सीजी-04-पीजे-2105 से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की सप्लाई की जा रही है। यह कंटेनर चंडीगढ़ से सिंगरौली होते हुए बिहार की ओर बढ़ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनएच-39 पाठक ढाबा के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया।

जब्त शराब और ब्रांड

कंटेनर की तलाशी में मैकडावल नं.1 व्हिस्की (350ml व 180ml पैकिंग) और इंपीरियल ब्लू व्हिस्की (180ml, 350ml व 750ml पैकिंग) की पेटियां मिलीं। कुल 690 पेटियां, जिनमें 16,140 बोतलें थीं, बरामद की गईं।

 

आरोपी राजस्थान से

पुलिस ने मौके से ओम प्रकाश विश्नोई, निवासी कोटड़ा, जिला जालौर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस अधीक्षक की सख्ती

एसपी संतोष कोरी ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम प्राथमिकता पर है। यह जब्ती अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक है। उन्होंने इस ऑपरेशन में शामिल बहरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा है कि थाना प्रभारी और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए इस पूरे प्रकरण में सफलता हासिल की है।

 

सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडेय, उप निरीक्षक एस.एल. वर्मा, सउनि जे.एन. श्रीवास्तव, प्र.आर. रामसुन्दर साकेत, आर. प्रभात तिवारी और आर. अवधेश कुशवाहा की भूमिका अहम रही।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button