सिर के घाव पर टांकों की जगह स्टेपलर से लगाया पिन, नवादा में ‘ग्रामीण डॉक्टर’ की लापरवाही से मचा हड़कंप

नवादा (बिहार)। बिहार के नवादा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक घायल युवक के सिर के गहरे घाव का इलाज करते समय कथित तौर पर डॉक्टर ने टांके लगाने के बजाय साधारण स्टेपलर मशीन से पिन लगाकर घाव बंद कर दिया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना नरोमुरार गांव, थाना वारिसलीगंज क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव का एक युवक 3 मार्च को हुए एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। दुर्घटना में उसके सिर में गहरा घाव हो गया और काफी खून बहने लगा।
घायल युवक इलाज के लिए गणेश नगर इलाके में मौजूद एक ग्रामीण डॉक्टर के पास पहुंचा। युवक को उम्मीद थी कि वहां उसका उचित इलाज किया जाएगा, लेकिन इलाज के दौरान जो हुआ उसने सभी को हैरान कर दिया।
पीड़ित युवक का आरोप है कि डॉक्टर ने सामान्य चिकित्सा प्रक्रिया अपनाने के बजाय उसके सिर के फटे हिस्से को बंद करने के लिए साधारण ऑफिस में इस्तेमाल होने वाली स्टेपलर मशीन का प्रयोग किया। डॉक्टर ने घाव पर टांके लगाने की जगह स्टेपलर की पिन लगा दीं।
इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भी पूरा घटनाक्रम देखा और इसे बेहद हैरान करने वाला बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का इलाज मरीज के लिए खतरनाक हो सकता है और इससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों के कारण मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है और इस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।













