बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकार्ड समिति की बैठक आयोजित

विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास बनाया जाए ड्रग्स फ्री जोन, नियमित निगरानी के दिए निर्देश

मेडिकल दुकानों में अवैध दवाइयों के भंडारण एवं विक्रय पर रोक लगाने पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर संयुक्त रूप से चलाएं जांच अभियान

सिंगरौली,। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. तथा वन मंडलाधिकारी श्री अखिल बंसल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय एनकार्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, भंडारण एवं नशीले पदार्थों की खेती पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास ड्रग्स फ्री जोन विकसित किए जाएं तथा इन क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सतत भ्रमण कर अवैध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें।

कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से मेडिकल दुकानों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल दुकानों में प्रतिबंधित एवं अवैध दवाइयों के भंडारण तथा विक्रय की जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों एवं छात्रावासों का भी निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इन भवनों का उपयोग अवैध मादक पदार्थों के भंडारण के लिए तो नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को खेतों में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं एसडीओपी अपने-अपने क्षेत्र के भ्रमण के दौरान खेतों का औचक निरीक्षण करें तथा गांजा सहित अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खेती पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें। वन विभाग को वनांचल के गांवों में भी औचक निरीक्षण कर अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने बरगवां में कार्रवाई के दौरान जब्त की गई नशीली दवाइयों के स्रोत एवं उनकी आपूर्ति के रूट का पता लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीली दवाइयों की आपूर्ति श्रृंखला की गहन जांच कर इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने की कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. ने निर्देश दिए कि जिले में चिन्हित ड्रग्स हॉटस्पॉट पर पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस टीमों को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं छात्रावासों के आसपास निरंतर गश्त एवं निगरानी रखने तथा नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियां पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, उप संचालक कृषि श्री मनोज सिंह, आबकारी अधिकारी श्री सतीश कश्यप, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रेखा पांचाल सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button