बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मिलेगा अवसर

स्नातकोत्तर, पीएचडी एवं पोस्ट-पीएचडी पाठ्यक्रमों के लिए मिलेगी वित्तीय सहायता

सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा सत्र 2026-27 के अंतर्गत विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को विदेश में स्नातकोत्तर (मास्टर्स), शोध उपाधि (पीएचडी) एवं पोस्ट-पीएचडी पाठ्यक्रमों के अध्ययन हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल bcpostmatric.mp.gov.in पर सर्वप्रथम प्रोफाइल पंजीयन करना होगा। इसके पश्चात ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।

प्रोफाइल पंजीयन के लिए समग्र आईडी के साथ डिजिटल जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण-पत्र का लिंक होना अनिवार्य है। आवेदन लॉक करने के 15 दिवस के भीतर अभ्यर्थियों को आवेदन का प्रिंटआउट एवं स्वप्रमाणित आवश्यक दस्तावेज, जैसे अंकसूची, विदेशी विश्वविद्यालय का ऑफर लेटर तथा संबंधित रैंकिंग प्रमाण-पत्र, आयुक्त कार्यालय, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, विंध्याचल भवन, भोपाल में जमा कराने होंगे।

विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की सुविधा वर्षभर उपलब्ध रहेगी। प्रत्येक माह प्राप्त आवेदनों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी तथा साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं सहायता के लिए अभ्यर्थी दूरभाष क्रमांक 0755-2553329 एवं 0755-2675521 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला स्तर पर इच्छुक विद्यार्थी कार्यालय कलेक्टर, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, कलेक्ट्रेट सिंगरौली, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक 47 में संपर्क कर सकते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button