सुपेला (देवसर) में विधायक कार्यालय एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का शुभारंभ

सिंगरौली। सिहावल विधानसभा क्षेत्र के सुपेला (देवसर) में विधायक विश्वामित्र पाठक ने क्षेत्रवासियों को एक नई सौगात देते हुए कार्यालय सह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। फीता काटकर शुभारंभ किए गए इस कार्यालय को जनसेवा का सशक्त केंद्र बताया जा रहा है।

विधायक ने बताया कि यह कार्यालय 24 घंटे आमजन के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी सीधे संवाद कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि होगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिन्हें अक्सर अपनी समस्याएं रखने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे जनसुविधाओं में सुधार होगा और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।











