पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, पत्थर मारकर किया गंभीर घायल

सिंगरौली। खिरवा गांव में पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार शाम एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल सुरजमन साकेत का इलाज जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में जारी है।जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे भोजी चौराहे के पास दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गांव के ही अक्षय कोल और राकेश कोल ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पत्थर से सुरजमन साकेत के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।मामले में डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पहले भी विवादों में शामिल रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।











