एनटीपीसी विंध्याचल को मिला कलिंगा एनर्जी एक्सीलेंस नेशनल अवार्ड

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल को ऊर्जा उत्पादन, सतत विकास (सस्टेनेबिलिटी) और उत्कृष्ट परिचालन प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित कलिंगा एनर्जी एक्सीलेंस नेशनल अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित 11वें राष्ट्रीय पर्यावरण, ऊर्जा एवं जलवायु परिवर्तन सम्मेलन-2026 के दौरान फाइव स्टार श्रेणी में प्रदान किया गया।
एनटीपीसी विंध्याचल की ओर से अपर महाप्रबंधक (ईईएमजी) राजीव कुमार ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह सम्मान इंस्टीट्यूट ऑफ क्वालिटी एंड एनवायरमेंट मैनेजमेंट सर्विसेज की विशेषज्ञ निर्णायक समिति द्वारा प्रदान किया गया।
पुरस्कार एनटीपीसी विंध्याचल की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, उच्च परिचालन मानकों, पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता और ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
एनटीपीसी प्रबंधन के अनुसार यह सम्मान संस्थान की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति तथा भारतीय विद्युत क्षेत्र में उसकी अग्रणी भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करता है। साथ ही यह उपलब्धि ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरणीय दायित्वों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी पुष्टि करती है।













