सोनिया गांधी मेदांता अस्पताल में भर्ती
छोटी सर्जरी के लिए गुरुग्राम लाया गया, केरल सरकार गठन पर भी नजर

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार उन्हें एक छोटी सर्जरी के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि सर्जरी से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
इससे पहले मार्च 2026 में भी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते सोनिया गांधी को सर गंगा राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान चिकित्सक अरूप बसु की निगरानी में उनका इलाज चला था। बताया गया था कि उन्हें फेफड़ों से जुड़ी समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।
केरल सरकार गठन के बीच बढ़ी चिंता
सोनिया गांधी का अस्पताल में भर्ती होना राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। हाल ही में हुए केरल विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की जीत के बाद कांग्रेस सरकार गठन की प्रक्रिया में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर लगातार मंथन जारी है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केसी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक अधिकांश विधायकों का समर्थन केसी वेणुगोपाल के पक्ष में माना जा रहा है, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व की सहमति से ही होगा।
वहीं राहुल गांधी के सामने भी यह चुनौती है कि वे केसी वेणुगोपाल को केरल की जिम्मेदारी दें या संगठन महासचिव के रूप में अपने साथ बनाए रखें।
कांग्रेस नेतृत्व ने हाल के दिनों में नेताओं और समर्थकों से शक्ति प्रदर्शन और पोस्टरबाजी से बचने की अपील की थी। माना जा रहा था कि अगले 24 से 48 घंटों में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है, लेकिन सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद प्रक्रिया में कुछ देरी की संभावना जताई जा रही है।













