सिंगरौली–सोनभद्र मार्ग पर बसों की सघन चेकिंग, डबल डोर व आपातकालीन खिड़की जांच का प्रमुख मुद्दा

सिंगरौली- सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी के बाद परिवहन विभाग ने सिंगरौली–सोनभद्र मार्ग पर विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर शुक्रवार सुबह से आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली-01 पर अधिकारियों की टीम द्वारा यात्री बसों सहित अन्य वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान बसों में डबल डोर एवं आपातकालीन खिड़की की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति जांच का प्रमुख विषय रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्री सुरक्षा से जुड़े इन मानकों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा इसी परिप्रेक्ष्य में जांच निरंतर जारी रहेगी।
दस्तावेज एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच
अभियान के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, मेडिकल किट, डबल डोर तथा आपातकालीन निकास व्यवस्था की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि आपातकालीन खिड़कियां एवं निकास द्वार आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग योग्य हों।
नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
कलेक्टर गौरव बैनल के आदेश एवं जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में चेक पॉइंट प्रभारी एवं उनकी टीम ने दुर्घटना मुक्त जिला के संकल्प के साथ अभियान को गति दी है। जांच के दौरान जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों का केवल औपचारिक पालन पाया गया या आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी मिली, उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन संचालकों को यात्री सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की सख्त चेतावनी भी दी।
लगातार चलेगा अभियान
चेक पॉइंट प्रभारी ने बताया कि हाल की सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग लगातार प्रवर्तन कार्रवाई कर रहा है। सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाना और वाहन संचालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
विशेष जांच अभियान
07 जून 2026 तक जिले में यात्री बसों, स्कूल वाहनों एवं मालवाहक वाहनों की सघन जांच और विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।













