फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला परिवहन कर रहा ट्रेलर पकड़ा, चालक गिरफ्तार

सिंगरौली। शक्तिनगर थाना पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला परिवहन कर रहे एक ट्रेलर वाहन को पकड़कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर कोयला परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर ग्राम जमशिला स्थित शनि मंदिर के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान ट्रेलर वाहन संख्या यूपी 64 एच 8337 को रोका गया। चालक द्वारा कोयला परिवहन से संबंधित बिल्टी, चालान और जीएसटी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन के चेसिस नंबर का ई-परिवहन एवं वाहन पोर्टल पर सत्यापन कराया।
जांच में सामने आया कि ट्रेलर का वास्तविक पंजीकरण नंबर यूपी 64 एटी 5675 है, जबकि वाहन पर यूपी 64 एच 8337 अंकित था। पुलिस के अनुसार चालक वाहन की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए दूसरे वाहन का पंजीकरण नंबर इस्तेमाल कर रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शक्तिनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने चालक अनिल कुमार सोनी (48), निवासी ग्राम परासी, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रेलर वाहन को भी जब्त कर आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।













