सिंगरौली में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की रैली और आमसभा आयोजित

सिंगरौली। भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष संध्या शुक्ला के नेतृत्व में विशाल रैली और आमसभा आयोजित की गई। रैली दोपहर 3 बजे माजन मोड़ (कलेक्टरेट) से शुरू होकर कॉलेज चौराहा, सत्या होटल, माता चुन कुमारी स्टेडियम, न्यायालय और अंबेडकर चौक से होते हुए रामलीला मैदान बैढ़न पहुंची। रैली के बाद शाम 5 बजे आमसभा का आयोजन किया गया।
रैली में पार्टी के झंडे, नारे और अनुशासित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की शक्ति और एकता का संदेश दिया। राष्ट्रीय महासचिव आशीष शुक्ला ने पार्टी के उद्देश्य और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संध्या शुक्ला ने कहा कि देश आज भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा में गिरावट जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण कई छात्र आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाया जाता है और ऐसे लोगों को फास्ट ट्रैक अदालत में फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
संध्या शुक्ला ने वर्तमान राजनीतिक दलों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता को ऐसे दलों से समाधान नहीं मिलेगा, जिनके पदाधिकारी और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार और अपराध से ग्रस्त हैं। उन्होंने भारतीय शक्ति चेतना पार्टी को देश और समाज को भ्रष्टाचार, नशा और अन्य बुराइयों से मुक्त करने वाली पार्टी बताया।
पार्टी की स्थापना 7 जून 2013 को शक्ति पुत्र महाराज द्वारा की गई थी। इसके बाद पार्टी ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में लोकसभा, विधानसभा और पंचायत स्तर के चुनाव लड़े। आज पार्टी के हजारों कार्यकर्ता पंचायत और जनपद स्तर पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
संध्या शुक्ला ने कहा कि आगामी चुनाव में जनता को यह निर्णय लेना होगा कि वे भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्त, चरित्रवान समाज की रक्षा करने वाली पार्टी को जिम्मेदारी देना चाहते हैं।













