देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

झारखंड में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से ताशा पार्टी के 7 सदस्यों की मौत

 

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे में ताशा पार्टी के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा राजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर देर रात करीब 12 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार ताशा पार्टी के सदस्य एक शादी समारोह में बाजा बजाने के लिए गोला से रामगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को रामगढ़ सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

मृतकों में मांडू थाना क्षेत्र के कठरेवा गांव और राजरप्पा थाना क्षेत्र के मरांगमर्चा गांव के निवासी शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लारी बुध बाजार के पास रामगढ़-बोकारो मार्ग पर करीब 30 मिनट तक जाम लगाया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button