लिखित आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन
पत्नी गीतांजलि बोलीं- आंदोलन सफल रहा, सरकार ने मानी प्रमुख मांगें

गुरुग्राम। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने शुक्रवार को कहा कि यह आंदोलन सफल रहा और सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों को स्वीकार किया है।
डॉ. गीतांजलि ने बताया कि सरकार ने आश्वासन दिया है कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी। इसके अलावा नीट पेपर लीक के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने और संसद के मानसून सत्र में शिक्षा व्यवस्था व परीक्षा सुधारों पर चर्चा कराने की बात भी कही गई है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात की और सरकार की ओर से लिखित आश्वासन सौंपा। इसके बाद वांगचुक ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।
गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि इस आंदोलन ने देशभर में शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा सुधारों को लेकर जागरूकता पैदा की है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक समस्या का लक्षण है, जबकि शिक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि सोनम वांगचुक शनिवार से सामान्य अर्ध-ठोस आहार लेना शुरू करेंगे। वहीं, छात्रों के नेता सरकार के साथ बैठक के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।













