कॉलेज खरीदी मामले में जांच शुरू, तीन सदस्यीय टीम गठित
रीवा से भी पहुंचेगा जांच दल, अनियमितता की शिकायत से महाविद्यालय में हड़कंप

सिंगरौली। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय राजनारायण स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैढ़न में क्रीड़ा सामग्री खरीदी में अनियमितता की शिकायत के बाद जांच शुरू हो गई है। मामले की जांच के लिए महाविद्यालय प्रबंधन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार राय ने पूर्व में खरीदी गई खेल सामग्री में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उच्च शिक्षा विभाग भोपाल में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर प्राचार्य ने ईभारानी सिंह पठानिया, प्राध्यापक समाजशास्त्र को जांच समिति का संयोजक बनाया है, जबकि डॉ. चंद्रप्रभा वर्मा एवं नीरज कुमार सहायक प्राध्यापक को सदस्य नियुक्त किया गया है।
हालांकि शिकायतकर्ता क्रीड़ा अधिकारी ने गठित जांच समिति पर असंतोष जताते हुए संयोजक की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र समिति का गठन किया जाना चाहिए।
इधर, सूत्रों के अनुसार शासकीय महाविद्यालय बरका में करीब 97 लाख रुपये की खरीदी गई सामग्री की जांच के लिए रीवा से भी जांच टीम पहुंचने वाली है। डीएमएफ मद से खरीदी गई सामग्री को लेकर बरका कॉलेज के प्राचार्य ने कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर अनियमितता की आशंका जताई थी।
मामले में जांच समितियों के गठन के बाद महाविद्यालयों में हलचल तेज हो गई है। खरीदी प्रक्रिया और सामग्री की गुणवत्ता को लेकर अब जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।













