बिना तिरपाल, ओवरलोड और नियम विरुद्ध परिवहन पर सख्ती, जांच अभियान में वाहन जब्त
परिवहन विभाग की कार्रवाई, प्रदूषण व सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

सिंगरौली। जिले में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा 2 अगस्त 2026 को विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना तिरपाल खुले में सामग्री परिवहन, ओवरलोडिंग और आवश्यक दस्तावेजों के बिना संचालित वाहनों पर कार्रवाई की गई।
हाल ही में आयोजित टाइमलाइन समीक्षा बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जिले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, फ्लाई ऐश और कोयले का परिवहन निर्धारित नियमों के अनुसार ही हो। बिना तिरपाल सामग्री परिवहन करने वाले, ओवरलोड वाहन एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में चेक पॉइंट प्रभारी एवं परिवहन विभाग की टीम ने मोरवा, शुक्ला मोड़, एनटीपीसी गेट और कांटा मोड़ क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान बिना तिरपाल लगाए ओवरलोड रेत का परिवहन करते एक मालवाहक वाहन को जब्त कर चौकी निगरी में खड़ा कराया गया। वहीं कई अन्य वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि खुले में सामग्री परिवहन करने से सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। परिवहन आयुक्त ग्वालियर के निर्देश पर 1 से 15 अगस्त तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।













