स्टेज-III परियोजना समय पर पूरी करने पर जोर, एनटीपीसी सिंगरौली पहुंचे निदेशक (परियोजनाएं)

शक्तिनगर (सोनभद्र)।एनटीपीसी लिमिटेड के निदेशक (परियोजनाएं) के. एस. सुंदरम ने सोमवार को एनटीपीसी सिंगरौली का दौरा कर निर्माणाधीन स्टेज-III परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, सुरक्षा और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने नवस्थापित सेफ्टी कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया और स्टेज-III परियोजना, एफजीडी क्षेत्र तथा अन्य निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में निदेशक (परियोजनाएं) ने स्टेज-III परियोजना, संसाधन प्रबंधन, गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और परियोजना नियोजन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और तकनीकी नवाचार पर भी बल दिया।
परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, उत्पादन, स्टेज-III निर्माण कार्यों, सुरक्षा और पर्यावरणीय पहलों की जानकारी दी। वहीं महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सी. एच. किशोर कुमार ने संयंत्र की सुरक्षित एवं विश्वसनीय संचालन व्यवस्था और अनुरक्षण कार्यों की जानकारी साझा की। महाप्रबंधक (परियोजना) रश्मि रंजन मोहंती ने स्टेज-III परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्यों की स्थिति से अवगत कराया।

इस अवसर पर के. एस. सुंदरम ने कहा कि एनटीपीसी की पहचान केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित कार्य संस्कृति, गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार और समयबद्ध परियोजना निष्पादन भी इसकी प्रमुख पहचान है। उन्होंने कहा कि स्टेज-III परियोजना कंपनी की भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे समय पर पूरा करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
दौरे के अंत में उन्होंने परियोजना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी समान महत्व देना आवश्यक है।













