एसडीएम ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में राजस्व, पेंशन, आवास, बिजली और पेयजल से जुड़े आवेदन पहुंचे

देवसर। उपखंड कार्यालय देवसर के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एसडीएम डॉ. सुशीर श्रीकृष्णा श्रीराम ने ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं।
जनसुनवाई में राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के साथ पेंशन, आवास, बिजली, पेयजल सहित अन्य समस्याओं को लेकर नागरिकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। एसडीएम ने एक-एक आवेदन की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। आमजन से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। अधिकारी शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें तथा आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराएं।












