बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

मंदसौर में रेलवे के टावर वैगन के 4 पहिए पटरी से उतरे, राहत टीम मौके पर पहुंची

शेड से निकलने के बाद करीब 100 मीटर चलते ही हुआ हादसा, मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर में सोमवार को रेलवे का टावर वैगन पटरी से उतर गया। घटना मंदसौर रेलवे स्टेशन और गीता भवन अंडरब्रिज के बीच हुई। बताया जा रहा है कि शेड से निकलकर करीब 100 मीटर आगे बढ़ने के बाद टावर वैगन के आगे के 4 पहिए पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम और रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और मुख्य रेलवे लाइन पर ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, टावर वैगन शेड से निकलकर साइड लाइन पर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसके अगले 4 पहिए पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वैगन को दोबारा पटरी पर लाने की तैयारी शुरू की।

मुख्य रेल लाइन पर यातायात सामान्य

टावर वैगन के पटरी से उतरने की घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन हादसा साइड लाइन पर होने के कारण मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रहा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अप और डाउन दोनों मुख्य लाइनों पर यात्री ट्रेनों की आवाजाही जारी रही। फिलहाल किसी ट्रेन के रद्द होने या रोके जाने की सूचना सामने नहीं आई है।

ओवरहेड बिजली तारों के रखरखाव में होता है इस्तेमाल

रेलवे में टावर वैगन का इस्तेमाल ओवरहेड इलेक्ट्रिक तारों और बिजली आपूर्ति से जुड़े उपकरणों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए किया जाता है। फिलहाल वैगन के पटरी से उतरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। रेलवे की तकनीकी टीम घटना की जांच करेगी। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि हादसा पटरी, पहियों में तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button