धार में भीषण हादसा: डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग, 4 युवकों की जिंदा जलकर मौत, 1 गंभीर
सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे 5 दोस्त, पुलिया से नीचे गिरी कार; घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सादलपुर और खेरोद के बीच एक कार पुलिया पर बने डिवाइडर से टकराकर नीचे जा गिरी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसमें सवार 4 युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे एक ढाबे के पास हुआ। कार में सवार 5 दोस्त सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सागौर लौटते समय सादलपुर के पास उनकी कार पुलिया के डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और वाहन पुलिया से नीचे जा गिरा। इसके बाद कार में आग लग गई।
कार में फंसे 4 युवक, आग में झुलसने से मौत
हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि 4 युवक अंदर ही फंस गए। आग तेजी से फैलने के कारण चारों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम (20), चेतन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। सभी सागौर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
हादसे में तुषार मंडलोई (20) गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेज दिए हैं।
दर्शन के लिए निकले थे पांचों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त शनिवार, 24 अक्टूबर को पीथमपुर से दर्शन के लिए निकले थे। मृतकों में तीन के परिवार खेती-किसानी से जुड़े हैं, जबकि अभिषेक सोलंकी के पिता कारखाने में काम करते हैं। घायल तुषार मंडलोई के पिता भी किसान बताए गए हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।













