देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

फिरोजाबाद में विसर्जन के लिए जा रहे ग्रामीणों को कार ने रौंदा, 3 लड़कियों समेत 5 की मौत, 14 घायल

2 जगहों पर तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, हादसे के बाद चालक के नहीं रुकने पर ग्रामीणों ने पीछा कर कार सवारों को पकड़ा

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 लड़कियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब टेशू-झांझी के विवाह की पारंपरिक रस्म पूरी करने के बाद ग्रामीण विसर्जन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

2 स्थानों पर कार ने लोगों को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा के अवसर पर फिरोजाबाद के छटनपुर गांव में टेशू-झांझी के विवाह की रस्म पूरी की गई थी। इसके बाद ग्रामीण विसर्जन के लिए निकले थे। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने सड़क किनारे चल रहे ग्रामीणों को टक्कर मार दी।

बताया गया कि पहली घटना के बाद कार चालक वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लेबर कॉलोनी के पास भी कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन नसीरपुर क्षेत्र की ओर बढ़ने लगा। लगातार दो स्थानों पर हुए हादसों से लोगों में आक्रोश फैल गया।

5 लोगों की मौत, 14 घायल

फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के अनुसार, हादसे में कई लोगों की मौत हुई और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए इंतजाम किए गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपिका (19), आकांक्षा, अंजली, हरीश उर्फ सोनू और 11 वर्षीय गुन्नू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 14 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और वाहन को घेरकर उसमें सवार 4 लोगों को पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोग अपने घायल परिजनों की स्थिति जानने के लिए परेशान रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button