सेमरिया के चुरैल टोला में एक माह से जला पड़ा ट्रांसफार्मर, अंधेरे में ग्रामीण; कार्यपालन अभियंता को सौंपा ज्ञापन
70 फीसदी बिल जमा होने के बाद भी नहीं बदला गया ट्रांसफार्मर, पेयजल और पढ़ाई प्रभावित
बैढ़न (सिंगरौली)।ग्राम पंचायत सेमरिया के चुरैल टोला (हरिजन व आदिवासी बस्ती) में पिछले एक महीने से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, जिससे पूरी बस्ती में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली गुल रहने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी और पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता (ग्रामीण, बैढ़न) को आवेदन सौंपकर तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने दिए गए ज्ञापन में बताया कि बस्ती में डामर प्लांट के समीप विद्युत विभाग का ट्रांसफार्मर स्थापित है, जिससे समूची बस्ती में बिजली की आपूर्ति की जाती रही है। लगभग एक माह पूर्व यह ट्रांसफार्मर अचानक जल गया, जिससे समूचे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले की शिकायत पूर्व में कनिष्ठ अभियंता से की गई थी, लेकिन लगातार आश्वासन के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के करीब 70 प्रतिशत उपभोक्ताओं द्वारा नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान किया जा चुका है, इसके बावजूद विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने में हीलाहवाली की जा रही है।
आवेदन सौंपने वालों में वार्ड पंच शिवप्रसाद शाह (वार्ड 10), पंच अशोक कुमार (वार्ड 09), रामसनेही, राममिलन, विश्वनाथ, मनीराम, रामकवल, रामदास साकेत, कमलेश सिंह, देवेन्द्र प्रसाद साकेत, रामनरेश साकेत, ओमप्रकाश, अम्बिका प्रसाद, लालबहादुर, मो. नजीर अंसारी, मुफ्फीस, सोनू वर्मा, रामबली वर्मा, रामजनम बैगा, रामधारी बैगा एवं रामचन बैगा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।












