बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पोड़ीपाठ में पंचायत भवन व स्कूल के पास अवैध शराब बिक्री से आक्रोश: ग्रामीणों संग पंचायत ने एसपी को सौंपा शिकायती पत्र

स्कूल, आंगनबाड़ी और कियोस्क बैंक के समीप खुलेआम बेची जा रही देसी-विदेशी शराब

सिंगरौली।लंघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ीपाठ में मुख्य मार्ग स्थित पंचायत भवन के समीप खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम पंचायत पोड़ीपाठ के सरपंच व सचिव ने ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को औपचारिक पत्र सौंपकर अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने एवं आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पोड़ीपाठ मुख्य मार्ग पर पंचायत भवन के ठीक पास बिना किसी अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के अवैध रूप से देसी और विदेशी शराब की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। इस संबंध में बीते 15 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में भी ग्रामीणों ने लिखित रूप से आपत्ति दर्ज कराई थी।

स्कूल, आंगनबाड़ी और बैंक के पास जमावड़ा
शिकायत के अनुसार, जिस स्थान पर अवैध शराब बेची जा रही है, वहीं प्राथमिक पाठशाला और महज 300 मीटर की दूरी पर आंगनबाड़ी केंद्र संचालित है। इसके अलावा वहीं पास में दो कियोस्क बैंक शाखाएं भी स्थित हैं, जहां प्रतिदिन महिलाएं, छात्राएं और आम नागरिक लेन-देन के लिए पहुंचते हैं। शराबियों के जमावड़े और नशे में की जाने वाली अभद्रता के कारण महिलाओं व राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। आसपास रहने वाले परिवारों का माहौल भी पूरी तरह अशांत बना हुआ है।

थाने से सांठगांठ का रौब
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अवैध शराब विक्रेता अरविंद कुमार व राजेश कुमार शाह (पिता लालजी शाह, निवासी पोड़ीपाठ) को जब ग्रामीणों ने इसे बंद करने के लिए कहा, तो उन्होंने अभद्रता करते हुए धमकी दी। आरोप है कि शराब माफिया खुलेआम दावा करते हैं कि स्थानीय थाने में उनका मासिक शुल्क बंधा हुआ है और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
ग्राम पंचायत ने कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जिला आबकारी अधिकारी और लंघाडोल थाना प्रभारी को भी प्रतिलिपि भेजते हुए गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब की इस दुकान को अविलंब बंद कराने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button