पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं
फरियादियों से व्यक्तिगत संवाद कर सुनी शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में मंगलवार 8 सितंबर को पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों और फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। कई शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कराई गई। वहीं अन्य मामलों में निष्पक्ष जांच और त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए।
महिला फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई। साथ ही समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नवानगर थाना प्रभारी राकेश साहू, विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सिंगरौली पुलिस ने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।












