बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली पुलिस में बड़ा फेरबदल, बैढ़न समेत कई चौकियों के प्रभारी बदले

डीएसपी अशोक सिंह परिहार को अजाक की जिम्मेदारी, अभिमन्यु द्विवेदी संभालेंगे बैढ़न कोतवाली; गोरबी, जयंत और खुटार में भी नए प्रभारी

सिंगरौली। जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कई पुलिस अधिकारियों और उपनिरीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। महत्वपूर्ण थानों और चौकियों की कमान अब नए अधिकारियों के हाथों में होगी।

आदेश के अनुसार कोतवाली बैढ़न के थाना प्रभारी रहे डीएसपी अशोक सिंह परिहार को अजाक डीएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अभिमन्यु द्विवेदी को कोतवाली बैढ़न का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसी तरह खुटार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शीतला यादव को अब गोरबी चौकी प्रभारी बनाया गया है। वहीं साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सिंह को जयंत चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। जयंत क्षेत्र कोयला और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण होने के कारण यहां पुलिसिंग की जिम्मेदारी अहम मानी जा रही है।

इसके अलावा उपनिरीक्षक अमन वर्मा को खुटार चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद बैढ़न, जयंत, गोरबी और खुटार जैसे महत्वपूर्ण पुलिसिंग केंद्रों पर अधिकारियों के चेहरे बदल गए हैं। प्रशासनिक बदलाव के बाद अब नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों की कार्यशैली और उनके क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था पर नजर रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button