बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भाऊखाड़ में विधायक निधि से स्वीकृत सड़क अधूरी, ग्रामीणों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

10 लाख रुपये की स्वीकृति के बावजूद करीब 150 मीटर ही पीसीसी सड़क, सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया

सिंगरौली । ग्राम पंचायत भाऊखाड़ में विधायक निधि से स्वीकृत पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि 10 लाख रुपये की स्वीकृत राशि के बावजूद सड़क का काम पूरा नहीं कराया गया और निर्माण को अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार जगत लाल जायसवाल के घर से लाले सिंह गोड़ के घर तक करीब 400 से 500 मीटर पीसीसी सड़क निर्माण स्वीकृत किया गया था। इसकी तकनीकी स्वीकृति क्रमांक 449 दिनांक 4 सितंबर 2024 तथा कार्य स्वीकृति 10 सितंबर 2024 को जारी हुई थी। कार्य के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि शुरुआत में सड़क पर मिट्टी और मुरम डालकर खानापूर्ति की गई। विरोध और शिकायत के बाद करीब 150 मीटर हिस्से में ही पीसीसी ढलाई कराई गई, जबकि शेष सड़क अब भी अधूरी है।

ग्रामीणों के अनुसार कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया, जिससे स्वीकृत राशि, लंबाई और अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच कर अधूरा निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे। हालांकि लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button