सिंगरौली में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, चार प्रकरण दर्ज
रेलवे स्टेशन सहित वैढ़न-मोरवा क्षेत्र में कार्रवाई, 72 लीटर हाथभट्टी शराब और महुआ लाहन बरामद

सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी प्रणय कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त वैढ़न एवं मोरवा क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इस दौरान सिंगरौली रेलवे स्टेशन पर रेल के माध्यम से मदिरा परिवहन के खिलाफ भी जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 11 बल्क लीटर विदेशी मदिरा, 40 किलोग्राम महुआ लाहन और 72 लीटर हाथभट्टी से निर्मित मदिरा बरामद की गई। मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 संशोधन 2000 की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत कुल चार प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 27 हजार रुपये बताया गया है।कार्रवाई के दौरान आबकारी वृत्त प्रभारी उपनिरीक्षक नीलिमा मार्को, आबकारी मुख्य आरक्षक बहादुर सिंह, आरक्षक धीरू सिंह, अनुज भुंजिया, अनूप मिश्रा, अमर सिंह, रामनरेश साहू एवं संध्या मेहरा सहित संबंधित दल मौजूद रहा।आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे के माध्यम से शराब के अवैध परिवहन पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।











