सिंगरौली में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से सुबह की शुरूआत

सिंगरौली। सोमवार को जिले में हफ्ते की शुरुआत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई। सुबह घरों से निकले लोगों को दृश्यता कम होने की समस्या का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे तक कई इलाकों में विजिबिलिटी केवल 10 मीटर दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।
शहर के कॉलेज चौक से नवानगर और अमलोरी इलाकों में कोहरे का सबसे अधिक असर देखा गया। इसके अलावा, सरई, माड़ा, देवसर और चितरंगी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठंड का व्यापक प्रभाव रहा। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन धीमी गति से चले, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार सिंगरौली में सोमवार का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी एक हफ्ते तक ठंड और कोहरे का असर बना रहने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी है। आमजन को भी ठंड और कोहरे में सतर्क रहने की आवश्यकता है।













