दशगात्र कार्यक्रम में गिरी आकाशीय बिजली, 8 साल की बच्ची समेत 7 लोग झुलसे

सिंगरौली ।जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकट गांव में बुधवार को एक दशगात्र कार्यक्रम के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 7 लोग झुलस गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे (जिसमें दो नाबालिग लड़कियां और एक 8 साल की बच्ची) शामिल हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एंबुलेंस से पहुंचाया गया देवसर अस्पताल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को टिकट गांव में दशगात्र का कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुंदवार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 व 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए देवसर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी घायलों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।
हादसे में ये लोग हुए घायल:
परिमिला सिंह गौड़ (18 वर्ष), सुषमा सिंह गौड़ (15 वर्ष), सोनफूली सिंह (22 वर्ष), मनरूप सिंह (60 वर्ष), रामरती सिंह (50 वर्ष), नैना सिंह (55 वर्ष),आशा सिंह (8 वर्ष)

एसपी ने की सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील
घटना के मद्देनजर सिंगरौली एसपी सियाज के.एम. ने आमजनों से अपील की है कि बारिश और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा है कि आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के दौरान खुले में जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों (पक्के मकानों) के अंदर ही रहें।













