महंगे हुए फूल-माला, पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजन पर बढ़ा खर्च
200 से 300 रुपये तक बिक रही गेंदा की माला, अत्यधिक बारिश को बताया जा रहा कारण

सिंगरौली। गणेश पूजनोत्सव और विश्वकर्मा पूजा के बीच फूल-माला के दामों में अचानक बढ़ोतरी से श्रद्धालुओं को महंगे दामों पर पूजा सामग्री खरीदनी पड़ रही है। बाजार में इन दिनों गेंदा के फूलों की माला करीब 200 से 300 रुपये तक में बिक रही है। फूल-माला के बढ़े दामों का असर आम लोगों की खरीदारी पर भी दिखाई दे रहा है।
फूल विक्रेताओं का कहना है कि क्षेत्र में हुई अत्यधिक बारिश के कारण फूलों की फसल प्रभावित हुई है। इसके चलते बाजार में फूलों की आवक कम हुई है और मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि फूल-माला के दाम बढ़ गए हैं।
महंगे दामों के चलते कई लोग पहले की अपेक्षा कम मात्रा में फूल-माला खरीदते नजर आ रहे हैं। जहां पहले श्रद्धालु पूजा के लिए अधिक मात्रा में फूल-माला लिया करते थे, वहीं अब बजट के अनुसार ही खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, पूजा-पाठ और धार्मिक आस्था से जुड़े पर्व होने के कारण श्रद्धालु महंगे दामों के बावजूद फूल-माला की खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं।
गणेश पूजनोत्सव और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बाजारों में फूल-माला की मांग बढ़ी है। ऐसे में श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में फूलों की आवक बढ़ने के साथ कीमतों में कुछ राहत मिल सकती है।











