‘बड़ा प्यारा लागे अपना मध्यप्रदेश’ गीत से गूंजा स्थापना दिवस समारोह, अशोक पाण्डेय की टीम सम्मानित

सिंगरौली। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर बिलौंजी स्थित अटल बिहारी सामुदायिक भवन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में स्थानीय कलाकारों ने अपनी संगीत प्रस्तुति से समां बांध दिया। सुप्रसिद्ध कलाकार अशोक पाण्डेय और उनकी टीम ने ‘बड़ा प्यारा लागे अपना मध्यप्रदेश’ गीत प्रस्तुत कर सभागार में मौजूद अतिथियों और श्रोताओं का मन मोह लिया। प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने कलाकारों की सराहना की। शानदार प्रस्तुति के बाद मुख्य अतिथि सहित मंचासीन अतिथियों ने अशोक पाण्डेय और उनकी टीम को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय और महापौर रानी अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अशोक पाण्डेय के साथ लल्लू प्रसाद, संतोष शर्मा, हरिश्चंद्र , राकेश उपाध्याय, अमृता भट्ट और विक्रम ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। गायन और वादन की सामूहिक प्रस्तुति ने स्थापना दिवस समारोह को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।













