सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के बीच मनाया गया मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस
स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का राज्यमंत्री राधा सिंह ने किया आह्वान, मेधावी विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये और किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट व इलेक्ट्रिक स्कूटी देकर किया सम्मानित

सिंगरौली, 1 नवंबर। जिले में मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस रविवार को उमंग, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, महापौर रानी अग्रवाल, प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ राज्यमंत्री राधा सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। बिमल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने ‘प्यारा लगे अपना मध्यप्रदेश’ गीत सहित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य और गायन से समारोह में उत्साह का माहौल बनाया।

राज्यमंत्री राधा सिंह ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक कार्यों को ईमानदारी और निष्ठा से करते हुए प्रदेश के विकास में योगदान दे सकता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास की कुंजी है। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिजली और कोयला उत्पादन के लिए पहचान रखने वाला सिंगरौली अब सोना, तांबा और लौह अयस्क के उत्पादन के माध्यम से भी देश-प्रदेश के विकास में योगदान देगा।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और विकास की उपलब्धियों के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने नागरिकों से सिंगरौली के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। महापौर रानी अग्रवाल और नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की उन्नति के लिए मिलकर प्रयास करने का संदेश दिया।
प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जिले के विकास में सभी वर्गों से सहयोग की अपेक्षा की।
समारोह में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत 4 विद्यार्थियों को 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता 2026 के विजेता आशीष सिंह को ट्रैक्टर, रितेश बैस को बुलेट और सुदामा बैस को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। अन्य किसानों को सरसों के बीज के पैकेट वितरित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और बिमल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम की पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार,महापौर रानी अग्रवाल, भाजपा नेता वशिष्ट पाण्डेय, पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, नगर परिषद बरगवां अध्यक्ष प्रमिला बर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, पूर्व विधायक राम लल्लू बैस और सुभाष बर्मा, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, तहसीलदार सविता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।













