42 वर्ष 10 माह की शिक्षकीय सेवा के बाद प्रधानाध्यापक शालिकराम वैश्य सेवानिवृत्त, भव्य समारोह में दी गई भावभीनी विदाई

सिंगरौली। बरगवां तहसील अंतर्गत ग्राम पचौर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक शालिकराम वैश्य 42 वर्ष 10 माह की गौरवमयी शिक्षकीय सेवा पूर्ण करने के बाद 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर आयोजित भव्य शिक्षक सम्मान एवं सेवानिवृत्ति समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामवासियों और शुभचिंतकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने उन्हें सम्मानित कर नम आंखों से भावभीनी विदाई दी।
शालिकराम वैश्य ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचौर से की थी। इसके बाद उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेटहाडॉड और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगवां में सेवाएं दीं। सेवा के अंतिम पड़ाव में उन्होंने शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचौर में प्रधानाध्यापक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। 1984 से 2026 तक उन्होंने अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया।
समारोह को यादगार बनाने के लिए पचौर स्थित हनुमान मंदिर में 24 घंटे के अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन के समापन पर विशाल प्रसाद भंडारा हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों ने सहभागिता की। पूरा आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आत्मीय सम्मान का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, गणमान्य नागरिकों और परिवारजनों ने हिस्सा लिया। अतिथियों ने शालिकराम वैश्य की लंबी शिक्षकीय सेवा की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सुखमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर भावुक परिवारजनों ने सभी अतिथियों, शिक्षक साथियों, ग्रामवासियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शालिकराम वैश्य को मिला स्नेह और सम्मान पूरे परिवार के लिए अविस्मरणीय रहेगा। उनकी 42 वर्ष 10 माह की शिक्षकीय यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा बनी रहेगी।













