बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली कांग्रेस की गुटबाजी पर अजय सिंह की दो टूक, कमलेश्वर पटेल का 11 सेकंड का वीडियो वायरल; टिकट के दावेदारों को दी नसीहत

सिंगरौली। जिले में कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर चर्चा में है। पिछले दिनों कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के सामने पत्रकारों ने पार्टी के अंदर चल रहे गुटीय विवाद को लेकर सवाल उठाए थे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के अलग-अलग धड़ों ने अपने-अपने स्तर पर दोनों नेताओं का स्वागत किया था। इस दौरान वर्तमान शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान और पूर्व शहर अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल के बीच अलग-अलग गुटों में सक्रियता को लेकर भी सवाल किए गए।

पत्रकारों के सवाल पर अजय सिंह राहुल ने कांग्रेस नेताओं को एकजुट होने की नसीहत देते हुए कहा था कि बहुत हो गया, 25 साल से सत्ता से बाहर हैं, अब तो एक हो जाओ। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अब भी पार्टी के नेता एकजुट नहीं हुए तो आगे मुश्किलें बढ़ सकती हैं।


इसी बीच सोशल मीडिया पर कमलेश्वर पटेल का 11 सेकंड का एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में वे विधानसभा चुनाव का टिकट मांगने की तैयारी कर रहे नेताओं को नसीहत देते सुनाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि जिनके पोलिंग बूथ पर कांग्रेस को नाममात्र के वोट मिलते हैं, वे भी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट जाते हैं। ऐसे नेताओं को पहले अपने-अपने बूथ पर पार्टी को अधिक से अधिक वोट दिलाने के लिए काम करना चाहिए, उसके बाद टिकट की मांग करनी चाहिए।
इस वीडियो को लेकर सीधी और सिंगरौली के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर लोग इसे साझा कर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं और टिप्पणियां कर रहे हैं। कुछ लोग इसे टिकट के दावेदारों के लिए संगठन मजबूत करने का संदेश बता रहे हैं।

इस संबंध में वर्तमान शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान और पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि वे फिलहाल दिल्ली में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान से जुड़े मामले को लेकर मौजूद हैं।

अब सवाल यह है कि कांग्रेस के स्थानीय नेता गुटीय गतिविधियों से आगे बढ़कर संगठन को मजबूत करने के लिए एक मंच पर आते हैं या अलग-अलग कार्यक्रमों और अपनी-अपनी राजनीतिक सक्रियता के जरिए आगे बढ़ते रहते हैं। फिलहाल अजय सिंह राहुल की एकजुटता की अपील और कमलेश्वर पटेल का वायरल वीडियो जिले की कांग्रेस राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button