बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली जिले में 19 एवं 20 सितंबर को निकलेगी ‘जल, जन और सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से बड़नगर के निर्धारित रूट पर होगा यात्रा का आयोजन

सिंगरौली, 17 सितंबर 2026/ मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सिंगरौली जिले में 19 एवं 20 सितंबर 2026 को ‘वाराणसी से बड़नगर जल, जन और सेवा संकल्प’ बाइक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय द्वारा विस्तृत आदेश जारी कर अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए जल निगम मर्यादित के महाप्रबंधक श्री पंकज बाधवानी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चितरंगी, जिला आपूर्ति अधिकारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चितरंगी को सहयोगी अधिकारी के रूप में दायित्व सौंपा गया है। नोडल अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन को यात्रा में शामिल प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार बाइक यात्रा 19 सितंबर को प्रातः 10 बजे लमसरई पहुंचेगी, जहां जिले में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात देवरा में गौ-सेवा एवं भारत माता की आरती का आयोजन होगा। मिसिरगवां में ग्राम चौपाल एवं हितग्राही संवाद तथा दोपहर में चितरंगी में युवा संवाद एवं भोजन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद यात्रा कुड़ैनिया, बैरदह एवं हलफरी पहुंचेगी, जहां स्वागत कार्यक्रम होंगे। यात्रा का रात्रि पड़ाव कर्थुआ में रहेगा, जहां सुंदरकांड पाठ एवं ग्रामीण जन पंचायत का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन 20 सितंबर को कर्थुआ में प्रातः 8 बजे वृक्षारोपण एवं स्वल्पाहार के उपरांत यात्रा झोखो के लिए रवाना होगी। झोखो से प्रातः 9:30 बजे बाइक यात्रा सीधी जिले के लिए प्रस्थान करेगी। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button