अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में आयोजित हुआ ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं नशा मुक्ति जागरूकता का दिया संदेश

सिंगरौली, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं जिला प्रशासन सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में ‘नमो युवा शक्ति’ खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह, विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्म दिवस से प्रारंभ सेवा संकल्प अभियान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं और युवा अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि ‘नमो युवा शक्ति’ जैसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व एवं टीम भावना विकसित होती है तथा उन्हें सकारात्मक दिशा मिलती है। विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। युवा शक्ति को रचनात्मक गतिविधियों, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता से जोड़कर विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को और मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, आरसेटी से जुड़े युवा, विद्यार्थी एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं युवतियों को खेल, रचनात्मकता, स्वास्थ्य, नेतृत्व तथा आत्मनिर्भरता से जोड़ना रहा। ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति जन-जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। रैली के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति एवं आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया तथा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को खेल, शिक्षा, कौशल, आजीविका एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्त कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्रीमान शुक्ला, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुन्दर लाल शाह, प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष श्री गिरीश द्विवेदी सहित वरिष्ठ समाजसेवी, युवा एवं स्व-सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।











