बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

शराब पीने के दौरान विवाद में युवक को कुएं में फेंका, डूबने से मौत; तीन आरोपी गिरफ्तार

सतना/मैहर। मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के बिगौड़ी गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने बुधवार रात खूनी रूप ले लिया। पुरानी बात को लेकर हुए विवाद के बाद तीन आरोपियों ने 35 वर्षीय युवक के साथ मारपीट की और उसे कथित तौर पर जबरन कुएं में फेंक दिया। पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही समय में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के अनुसार, बिगौड़ी निवासी भइयन उर्फ भइयालाल कोल पिता रामाश्रय कोल बुधवार रात करीब 9 बजे गांव में कुएं के पास इस्माइल, अजमेर और अपने चचेरे भाई मुकेश कोल के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पुरानी किसी बात को लेकर भइयालाल का इस्माइल और अजमेर से विवाद हो गया। आरोप है कि इस्माइल, अजमेर और अफसर ने भइयालाल के साथ मारपीट की और इसके बाद उसे जबरन कुएं में फेंक दिया।

घटना के समय मौके पर मौजूद भइयालाल का चचेरा भाई मुकेश उसे बचाने के लिए तत्काल कुएं में कूद गया। उसने भइयालाल को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ताला पुलिस ने हत्या के मामले में इस्माइल खान उर्फ पिंटू, अजमेर खान निवासी बंदरखा और अफसर खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे के विवाद तथा घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

घटना के बाद बिगौड़ी गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में पहले भी विवाद के कारण तनाव की घटनाएं हो चुकी हैं। स्थिति को देखते हुए मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देश पर बुधवार रात ही अमरपाटन एसडीओपी ख्याति मिश्रा, अमरपाटन थाना प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक विजय सिंह परस्ते सहित अन्य थानों का पुलिस बल बिगौड़ी भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य कराया। गुरुवार दोपहर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस के मुताबिक बिगौड़ी और बदरखा गांव के कुछ लोगों के बीच पिछले कुछ समय से रंजिश चली आ रही है। इसी वजह से एहतियात के तौर पर बिगौड़ी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अफसर खान को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस्माइल खान के खिलाफ भी पिछले वर्ष क्षेत्र में हुए एक विवाद के दौरान मारपीट, आगजनी और बलवा का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। तीसरे आरोपी अजमेर खान का पूर्व से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं बताया गया है। पुलिस के अनुसार अजमेर की पत्नी पुलिस विभाग में कार्यरत है और वर्तमान में अनूपपुर जिले में पदस्थ है।

घटना के बाद प्रशासन ने पुराने विवादों से जुड़े निर्माण और अतिक्रमण के मामले में भी कार्रवाई की। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में इस्माइल खान और उसके भाई जुबेर खान द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए बताए जा रहे निर्माण को जेसीबी से हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार पूर्व में जारी नोटिस और भूमि संबंधी कार्रवाई की जानकारी की भी जांच की जा रही है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी के बीच फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button