वुशू चैंपियनशिप में सिंगरौली के खिलाड़ियों ने जीते दो कांस्य एवं एक रजत पदक

सिंगरौली। मध्य प्रदेश वुशू संघ द्वारा आयोजित 25वीं मध्य प्रदेश राज्य सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वुशू चैंपियनशिप का शुभारंभ बुधवार को टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में हुआ। प्रतियोगिता में सिंगरौली जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य एवं एक रजत पदक हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में आकाश कुमार बीयार ने 42 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं अंजली कुमारी रॉव ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा जिला वुशू संघ के सचिव एवं कोच आशिक रसूल ने सिंगल वेपन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश वुशू संघ के अध्यक्ष जयदीप प्रसाद ने की, जबकि खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों और युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन की दिशा देने का महत्वपूर्ण साधन हैं।
सिंगरौली के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला वुशू संघ के अध्यक्ष एवं सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह, श्रीमती सरिता शाह, श्रीमती नंदनी शाह, श्रीमती ऋचा सिंह, श्रीमती अनीता गुप्ता, प्रगति शाह, श्री रविंद्र प्रताप शाह, फुटबॉल संघ के सचिव लवकुश तिवारी, असलम अली, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राकेश मिश्रा सहित सिंगरौली के समाजसेवियों एवं खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिला वुशू संघ ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।











