बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

30 किलोमीटर तक बाइक के हैंडल में छिपा रहा सांप, बैढ़न पहुंचकर युवक के उड़े होश

सिंगरौली। जिले में शनिवार रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। मोरवा क्षेत्र से बैढ़न तक करीब 30 किलोमीटर की दूरी तय करने के दौरान एक युवक की बाइक के हैंडल के पास जहरीला सांप छिपा रहा और युवक को इसकी भनक तक नहीं लगी। राहत की बात यह रही कि पूरे सफर के दौरान सांप ने युवक को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार मोरवा क्षेत्र के शुक्ला मोड़ निवासी अखिलेश चंद्र शनिवार रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद कर बाइक से बैढ़न स्थित घर के लिए रवाना हुए थे। करीब 30 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद जब वह बैढ़न में यूनियन बैंक के पास पहुंचे और बाइक रोकी, तभी उनकी नजर स्पीडोमीटर के नीचे छिपे सांप पर पड़ी।

बाइक पर सांप को इतने करीब देखकर युवक के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए लाठी की मदद से सांप को बाइक से बाहर निकाला।
बाद में सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित रखा गया और उसे आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की व्यवस्था की गई। करीब 30 किलोमीटर तक बाइक के साथ सफर करने के बावजूद सांप के युवक को डसने की घटना नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Author

Related Articles

Back to top button