बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में कैरियर गाइडेंस कार्यशाला, आईएफएस रविनंदन गुप्ता ने विद्यार्थियों को बताई सफलता की राह

सरई। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता केवल कठिन परिश्रम से नहीं, बल्कि सही दिशा, सुनियोजित रणनीति और निरंतर अनुशासन से प्राप्त होती है। इसी उद्देश्य से विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में विद्यालय के डायरेक्टर रमापति जायसवाल के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिभाग एवं चयन की सफलता के लिए कैरियर गाइडेंस कार्यशाला का शनिवार को आयोजन किया गया।कार्यशाला में सरई बाजार निवासी एवं जून 2026 में भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के लिए चयनित रविनंदन गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा किए।

 

उन्होंने विस्तार से बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कहां से और कैसे शुरू करनी चाहिए, लक्ष्य का निर्धारण कैसे करें, विषयवार अध्ययन की योजना किस प्रकार बनाएं, समय का बेहतर प्रबंधन कैसे करें तथा नियमित पढ़ाई और पुनरावृत्ति के माध्यम से तैयारी को मजबूत कैसे किया जा सकता है। रविनंदन गुप्ता ने विद्यार्थियों को समझाया कि तैयारी के दौरान पाठ्यक्रम को समझना, विश्वसनीय अध्ययन सामग्री का चयन करना, प्रतिदिन निर्धारित समय पढ़ाई करना, पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास और नियमित रूप से स्वयं का मूल्यांकन करना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने अपनी तैयारी के अनुभवों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह भी बताया कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। कार्यशाला में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।इस कार्यशाला में विशेष रूप से धौहनी के लोकप्रिय विधायक कुंवर सिंह टेकाम जी विद्यार्थियों से रूबरू होकर लक्ष्य को जानने का प्रयास कर उनका हौसला बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह कार्यशाला विद्यार्थियों को भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और उसे प्राप्त करने की प्रेरणा देने वाली रही।

Author

Related Articles

Back to top button