यातायात नियम तोड़ने वालों पर सिंगरौली पुलिस की सख्ती, 67 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई
प्रमुख चौराहों पर चला विशेष चेकिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 30,000 रुपये का जुर्माना

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 67 से अधिक वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 30,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया। यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक रोशनी केशरवानी के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की जांच की।
इस दौरान वाहनों में प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाने, बिना नंबर प्लेट या अमानक नंबर प्लेट के वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट और चारपहिया वाहन में बिना सीटबेल्ट यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बातचीत करने वाले चालकों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की समझाइश भी दी।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।













