देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने पत्रकारों का किया सम्मान, गिनाईं विकास कार्यों की उपलब्धियां
परसौना कार्यालय में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के पत्रकारों को किया सम्मानित

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र मेश्राम ने परसौना स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित कर जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान विधायक राजेंद्र मेश्राम ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए अपने दोनों कार्यकाल में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से 2018 तक के अपने पहले कार्यकाल में देवसर, चितरंगी और जियावन क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इस दौरान सड़क निर्माण और विद्युतीकरण सहित विभिन्न कार्य कराए गए।
विधायक ने वर्ष 2023 से शुरू हुए दूसरे कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, बिजली, पानी और सिंचाई उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने देवसर-चितरंगी, गड़हरा-कसर और बरगवां-खुटार मार्गों के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के कार्यों का जिक्र किया। साथ ही, गांवों में नए ट्रांसफार्मर लगाने, जर्जर बिजली तार बदलने, मुख्यमंत्री सोलर योजना, जल जीवन मिशन, तालाबों के गहरीकरण और देवसर की लिफ्ट सिंचाई योजना से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
विधायक ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। जनसमस्याओं को सामने लाने और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में भाजपा उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता, विजया सिंह, जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह, मंडल अध्यक्ष मनोज शाह और मंगल सिंह सहित सुनीता पांडेय, भागवत जायसवाल, के.डी. वैश्य, रामधनी यादव, मधु झा तथा जिले के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।













