देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, 26 अक्टूबर तक तेज होगा असर

आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका, मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की आशंका को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तट के करीब पहुंच सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 और 28 अक्टूबर तक इस मौसमी प्रणाली के और शक्तिशाली होने की आशंका है। इसके प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान

आईएमडी के अनुसार, 27 अक्टूबर को तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 28 अक्टूबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 24 घंटे के भीतर 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा होने का अनुमान है।

इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के आंतरिक हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में 28 और 29 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मछुआरों और समुद्री गतिविधियों के लिए चेतावनी

चक्रवात की आशंका को देखते हुए मछुआरों को गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में मौजूद मछुआरों को जल्द सुरक्षित तट पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। बंदरगाहों, जहाजरानी सेवाओं, नौका संचालकों और तटीय उद्योगों को भी सतर्क रहने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय करने को कहा गया है।

मौसम की स्थिति को देखते हुए संबंधित राज्यों के प्रशासन को संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी ताजा चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।

Author

Related Articles

Back to top button