अवैध शराब के कारोबार पर सिंगरौली पुलिस की कार्रवाई, 111 प्रकरण दर्ज, 538.22 लीटर शराब जब्त
विशेष अभियान में 111 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई, जब्त शराब और सामग्री की कीमत 1.34 लाख रुपये से अधिक

सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में 111 प्रकरण दर्ज कर 111 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 538.22 लीटर अवैध शराब एवं संबंधित सामग्री जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,34,293 रुपये बताई गई है।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन में रीवा जोन में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सिंगरौली जिले में भी पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया। बैढ़न, विंध्यनगर, नवानगर, मोरवा, बरगवां, माड़ा, चितरंगी, गढ़वा और जियावन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 185.20 लीटर देशी शराब और 353 लीटर अवैध कच्ची हाथभट्टी शराब सहित कुल 538.22 लीटर शराब जब्त की गई। जब्त शराब और सामग्री का अनुमानित मूल्य 1,34,293 रुपये आंका गया है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने तथा ऐसी गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर निकटतम थाना या पुलिस चौकी को सूचित करें। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049134457 पर भी सूचना दी जा सकती है।













